संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। तिगांव थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात शराब पीने के बाद हुए विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई। गांव जसाना निवासी कल्लूराम (45) ने अपनी पत्नी के मौसी के लड़के अरविंद कुमार को अपने पास बुलाया था। शाम के समय दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कल्लू ने पास में रखे एक डंडे से अरविंद के सिर पर जोरदार हमला कर दिया, जिससे अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक कल्लूराम करीब 12 साल से किराये के मकान में रह रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। आरोपी कल्लू को गिरफ्तार कर डीएलएफ सीआईए टीम के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी सामने आएगा उसके नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।