मेवला महाराजपुर में एक दर्जन से अधिक झुग्गियां जलकर राख
दमकल की 10 से 12 गाड़ियों ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिवाली पर आतिशबाजी के बीच शहर में करीब 40 जगह आग लगने की घटनाएं सामने आईं। सबसे बड़ा हादसा मेवला महाराजपुर इलाके में हुआ, जहां सोमवार तड़के करीब तीन से चार बजे एक रॉकेट झुग्गियों पर जा गिरा। इससे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और एक दर्जन से अधिक झुग्गियां जलकर राख हो गईं।
आग की लपटें उठते ही झुग्गियों में रहने वाले लोग बच्चों और परिजनों को लेकर जान बचाने के लिए बाहर भागे। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। झुग्गियां एक-दूसरे से सटी हुई थीं और उनमें घरेलू सामान के साथ ज्वलनशील वस्तुएं रखी थीं। ऐसे में आग तेजी से आसपास की झुग्गियों तक फैलती चली गई। कई परिवारों ने घरों में रखा सामान बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की लपटें बढ़ने के कारण उन्हें खाली हाथ बाहर निकलना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की 10 से 12 गाड़ियों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में कई परिवारों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
सेक्टर-31 क्षेत्र में सबसे ज्यादा 14 जगह आग की सूचना
अग्निशमन विभाग के अधिकारी यादवेंद्र शर्मा ने बताया कि दिवाली की रात शहर के अलग-अलग दमकल केंद्रों पर आग लगने की करीब 40 सूचनाएं मिलीं। इनमें सेक्टर-31 क्षेत्र में करीब 14, एनआईटी क्षेत्र में 13 और सेक्टर-15 क्षेत्र में करीब 11 घटनाएं शामिल हैं। सभी जगह दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया।
पल्ला से सेक्टर-46 तक आग की घटनाएं
मेवला महाराजपुर के अलावा पल्ला, सेक्टर-91, लक्कड़पुर, तिलपत, गाजीपुर, सेक्टर-46 की झुग्गियों और इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के सेक्टर-30-33 स्थित एक मकान की पहली मंजिल पर भी आग लगी। वहीं, डबुआ चौक के पास एक साइकिल स्टोर की पहली मंजिल में रविवार रात करीब 12 बजे आग लग गई। दुकान में साइकिल, टायर और अन्य सामान रखा था। दुकान मालिक को फोन से आग लगने की सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंचे। तब तक आग काफी फैल चुकी थी। दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दुकान में करीब ढाई लाख रुपये का सामान जलने का अनुमान है। इन सभी घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पांच घंटे तक आग बुझाने में जुटी रहीं दमकल की टीमें
सेक्टर-31 फायर स्टेशन के कर्मचारी जोगेंद्र भड़ाना ने बताया कि मेवला महाराजपुर में आग की सूचना मिलते ही 10 से 12 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गई थीं। कर्मचारियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने और उसे दूसरी झुग्गियों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
फरीदाबाद मेवला महाराजपुर के झुग्गियों में लगी आग। संवाद