फरीदाबाद। होली से पहले 10 लाख रुपये लाने की मांग पूरी नहीं करने पर पत्नी को घर से निकालने और स्त्रीधन पर कब्जा रखने के आरोप में सेंट्रल थाना पुलिस ने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सेक्टर-15ए निवासी कोमल शर्मा ने शिकायत में पति चेतन शर्मा और ससुराल के आठ अन्य लोगों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट व जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में अन्य रिश्तेदारों की संलिप्तता नहीं मिलने पर फिलहाल केवल पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। महिला के अनुसार, उनकी शादी 27 फरवरी 2016 को हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष नकदी व आभूषण की मांग करता था। 21 फरवरी 2026 को होली से पहले 10 लाख रुपये लाने की मांग पूरी न होने पर उनके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। साथ ही उनका बेटा, स्त्रीधन और जरूरी दस्तावेज भी अपने पास रख लिए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद