फरीदाबाद। डबुआ थाना पुलिस ने डबुआ कॉलोनी में दूध लेने जा रहे सागर (22) पर लाठी-डंडों, रॉड और सरियों से हमला कर पैर तोड़ने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पीड़ित ने चार आरोपियों की पहचान करते हुए 5500 रुपये और मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप लगाया है। डबुआ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, डबुआ कॉलोनी निवासी सागर ने पुलिस को बताया कि वह एक कंपनी में काम करता है। 13 अक्तूबर की रात करीब 10:30 बजे वह गली नंबर-9 के पास सड़क पार स्थित परचून की दुकान से दूध लेने जा रहा था। इसी दौरान 15-20 युवकों ने उसपर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान मुन्ना भाटी और सौरव भाटी उसे जान से मारने की बात कह रहे थे। उसने मानव और हर्ष नाम के युवकों की भी पहचान की है। अन्य हमलावरों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार टीम ने एम्स में डॉक्टर की अनुमति से बयान दर्ज किए। शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।