संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र के गांव साहूपुरा में मोबाइल व बैंकिंग सेवा की दुकान पर विवाद के बाद मारपीट, तोड़फोड़ और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव साहूपुरा निवासी सुमित सिंह ने थाना सदर बल्लभगढ़ में दी शिकायत में बताया कि वह गांव में गौरव कम्युनिकेशन नामक दुकान पर कार्य करता है। जहां मोबाइल स्पेयर पार्ट्स, मोबाइल बिक्री तथा बैंकिंग सेवाओं का काम किया जाता है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 17 मई की शाम करीब साढ़े सात बजे गांव का रहने वाला सन्नी नामक युवक नशे में उसकी दुकान पर आया और पैसे ट्रांसफर कराने के बाद पूरे पैसे तथा सेवा शुल्क देने से इंकार कर दिया।
विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौच शुरू कर दी और दुकान के अंदर तोड़फोड़ की। आरोप है कि उसने दुकान पर मौजूद ग्राहकों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धक्का देकर बाहर निकाल दिया। जब वह अपनी जान बचाकर घर की ओर भागा तो आरोपी उसका पीछा करते हुए उसके पीछे घर तक पहुंच गया। बाद में उसने अपने साथ दीपेंद्र और लोकेश को बुला लिया, जिनके हाथों में लाठी, डंडे और रॉड थी।
तीनों आरोपियों ने घर पर पहुंचकर ईंट-पत्थर फेंके तथा परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान उनकी मौसी बिमला के पैर में रॉड लगने से गंभीर चोट आई, जिससे पैर की हड्डी टूट गई। वहीं उसके भाई हरेन्द्र के सिर और हाथ पर भी चोटें आईं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि उन्होंने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।