एक बार बिजली जाने के बाद दो से तीन घंटे तक सप्लाई बहाल नहीं होती
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-21ए में इन दिनों लगातार लग रहे बिजली कटों से स्थानीय निवासी परेशान हैं। लोगों का कहना है कि एक बार बिजली जाने के बाद दो से तीन घंटे तक सप्लाई बहाल नहीं होती, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
निवासियों के अनुसार बिजली कट लगने के कुछ समय बाद इन्वर्टर भी जवाब दे जाते हैं, जिसके कारण घरों में रह रही महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी युगल किशोर, हरिशंकर और जीतराम ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली कट लगने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं योगेंद्र और गिरीश शर्मा ने बताया कि बिजली गुल होने के बाद जानकारी लेने पर पता चला कि पॉकेट-डी में लगा फ्यूज खराब हो गया है, जिसके कारण सप्लाई बाधित हुई।
निवासियों का कहना है कि इस तरह की समस्या पहले भी कई बार सामने आ चुकी है। लोगों ने बिजली निगम से मांग की है कि गर्मी के मौसम में विभाग पूरी सतर्कता बरते और खराब उपकरणों को समय रहते दुरुस्त किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।