संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नीमका जेल से जमानत पर छूटे नशा तस्करी के आरोपियों के स्वागत में हड़दंग मचाने और स्टंट करने वालों के खिलाफ थाना सदर बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 23 जनवरी 2026 को साहिल और अमन नामक दो युवक नीमका जेल से जमानत पर रिहा हुए थे। उन्हें लेने के लिए समीर, वसीम, कैफ और उनके अन्य साथी अपनी गाड़ियों के साथ जेल के बाहर पहुंचे थे। वहां से निकलते समय इन युवकों ने तिगांव-बल्लभगढ़ रोड और फरीदाबाद-मुंबई एक्सप्रेस-वे (बाईपास) पर अपनी गाड़ियों से खतरनाक स्टंट किए।
यह मामला तब प्रकाश में आया जब सोशल मीडिया पर इन युवकों का स्टंट करते वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर और लापरवाही से वाहन चलाकर आमजन की जान जोखिम में डाल रहे थे। आईएमटी पुलिस चौकी के एएसआई रविंद्र ने इस वीडियो का अवलोकन करने के बाद ई-साक्ष्य जुटाए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने समीर व अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना), 125 (दूसरों की जान खतरे में डालना) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर अन्य गाड़ियों के नंबरों और उनमें सवार युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।