संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। उटावड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रनियाला खुर्द गांव में पुरानी रंजिश में हमलावरों ने लाठी, सरिया से लैस होकर घर में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। उटावड थाना प्रभारी रेणु शेखावत ने बताया कि रनियाला खुर्द गांव के रहने वाले शिकायतकर्ता आस मोहम्मद ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी झगड़ालू प्रवृत्ति के हैं और उनके परिवार से जाति रंजिश रखते हैं। इसी रंजिश में आठ दिसंबर को रात करीब साढ़े दस बजे, आरोपी नुम्मी ने शिकायतकर्ता की पत्नी के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर झगड़ा शुरू हो गया। शिकायतकर्ता के बेटे मोहम्मद साजिद ने पुलिस सहायता नंबर 112 पर कॉल किया। पुलिस के पहुंचने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपी अगले दिन लाठी, सरिया, फरसा लेकर अचानक शिकायतकर्ता के घर की चारदीवारी के अंदर घुस गए। शिकायतकर्ता, जो खेत से घर आ रहा था, जैसे ही दरवाजे के पास पहुंचा, घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में नुम्मी, शेर मोहम्मद, शाहिद, जाकिर, सलीम, अरमान, सकील, समीम, सुफियान, सहजाद, जैकम, मम्मन, आसू, हमीद, जावेद, अरमान, नौमान, साहिल और सहबाज के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।