जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ अनाज मंडी में फसल खरीद के दौरान किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने बृहस्पतिवार को मंडी का दौरा कर किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों से बातचीत की और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दौरे के दौरान किसानों ने बताया कि फसल बेचने की प्रक्रिया जटिल हो गई है और उन्हें भुगतान के लिए बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। मंडी में अनाज की बोरियों के ढेर लगे हैं, जिससे उठान की गति धीमी है और भुगतान में भी देरी हो रही है। बलजीत कौशिक ने आरोप लगाया कि सरकार 72 घंटे में भुगतान का दावा करती है लेकिन हकीकत इसके उलट है। उन्होंने मंडी की अव्यवस्था के लिए मार्केट कमेटी और सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि पोर्टल में तकनीकी खामियों, गेट पास प्रणाली और बायोमेट्रिक सत्यापन के कारण किसानों को घंटों और कई बार दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि छोटे और सीमांत किसानों के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली का पंजीकरण, फोटो अपलोड और अंगूठा सत्यापन जैसी प्रक्रियाएं अतिरिक्त बोझ बन गई हैं। वहीं आढ़तियों ने भी बढ़ती महंगाई के बावजूद आढ़त दरों में वृद्धि न होने पर नाराजगी जताई। कौशिक ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि पोर्टल की तकनीकी खामियां दूर की जाएं, गेट पास और बायोमेट्रिक व्यवस्था में सुधार किया जाए तथा मंडियों में उठान और भंडारण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।