- एक घर का ताला तोड़कर दूसरे घर में दीवार फांदकर किया प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। गांव सुनपेड़ में रविवार की शाम को घुड़चढ़ी में गए दो परिवार के घर लाखों रुपये की चोरी हो गई। चोर ने एक घर का ताला तोड़ कर दूसरे घर की दीवार को फांदकर प्रवेश किया। दोनों घरों में अलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवर व नकदी चोरी हो गए। थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
गांव सुनपेड़ निवासी रहीश पाल ने बताया कि 26 फरवरी को उनके भतीजे शिव कुमार की घुड़चड़ी थी। शाम को करीब 5 बजे पूरा परिवार घुड़चड़ी में गया हुआ था। उनके साथ उनके पड़ोसी गजेंद्र के परिवार वाले भी शामिल हुए। करीब एक घंटे के बाद घुड़चड़ी होने के बाद दोनों परिवार के लोग वापस अपने घर आए, तो उन्होंने देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर जैसे ही प्रवेश किया तो उन्होंने पाया कि कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। अलमारी की जांच करने पर उन्हें पता चला कि चोर चार चांदी की पायल, एक कमरबंद, बच्चों के चांदी के लच्छे, दो जोड़ी कान के झुमके, एक अंगूठी व 35 हजार रुपये चोरी करके ले गए। वहीं, गजेंद्र अपने घर को गए तो उन्होंने पाया कि उनके घर के मुख्य द्वार का ताला तो नहीं तोड़ा था, लेकिन उनके कमरे का ताला टूटा हुआ था। कमरे में जाकर जांच की तो अलमारी का भी ताला टूटा हुआ मिला। चोर चार अंगुठी, दो जोड़ी झुमकी, एक कंठी, एक गले का सेट, दो सोने की चेन, चार लौंग, 10 जोड़ी चांदी की पायल व 10 हजार रुपये चोरी करके ले गए। पीड़ित गजेंद्र ने बताया कि चोर उनके घर पर पड़ोसी के घर की दीवार को फांद कर आए हैं। चोरों के पैरों के निशान दीवार पर हैं। थाना सदर प्रभारी महेंद्र ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।