फरीदाबाद। क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर ने नकली मैगी मसाला बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। आरोपी की पहचान पलवल के गांव बामनी खेडा निवासी ललित (40) के रूप में हुई है। फिलहाल पल्ला इलाके में रह रहा था।
क्राइम ब्रांच प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार को सूचना मिली पल्ला इलाके के नवीन नगर रोड़ पर नकली मैगी मसाला बनाकर ब्रांडेड कंपनियों के रैपर में डालकर बाजार में सप्लाई करता है। क्राइम ब्रांच की टीम ने खाद्य आपूर्ति अधिकारी डॉ. सचिन शर्मा को साथ लेकर फैक्ट्री पर रेड कर दी। फैक्ट्री से प्लास्टिक के कट्टे में खुला नकली मैगी मसाला, 5 कट्टों में भरे नकली मैगी मसाला के 19200 पैकेट, पैकिंग मशीन व खाली रैपर बरामद किए। आरोपी के खिलाफ थाना पल्ला में धोखाधड़ी तथा नकली खाद्य पदार्थ बनाने की धाराओं के तहत केस दर्ज कराया गया। खाद्य आपूर्ति विभाग ने मैगी मसाला के सैंपल लैब में जांच के लिए भिजवा दिए। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पूछताछ में सामने आया आरोपी नकली मैगी बनाने का सामान तथा रैपर दिल्ली से लाता था। आरोपी के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।