दिल्ली निवासी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज, 74.21 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिल्ली निवासी महिला ने सेहतपुर में मकान के सौदे के 74.21 लाख रुपये लेने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं कराने के आरोप में एक युवक के खिलाफ पल्ला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि विक्रेता ने जानबूझकर रजिस्ट्री टालकर उसके साथ धोखाधड़ी की।
ओम नगर निवासी कविता मिश्रा ने शिकायत में बताया कि उन्होंने त्यागी प्रॉपर्टी के माध्यम से सेहतपुर स्थित सूर्या नगर फेस-2 के प्लॉट नंबर 406 डी/सी पर बने 60 गज के मकान का सौदा सैनिक कॉलोनी निवासी राकेश कुमार वर्मा से 74.21 लाख रुपये में किया था। पांच मार्च 2026 को हुए समझौते के बाद उन्होंने चरणबद्ध तरीके से टोकन राशि, नकद और बैंक हस्तांतरण के माध्यम से पूरी भुगतान राशि अदा कर दी। शिकायत के अनुसार 25 जून तक 35 लाख रुपये बैंक खाते में स्थानांतरित किए गए, जबकि 25 लाख रुपये नकद और अन्य भुगतान भी गवाहों की मौजूदगी में किए गए।
कविता मिश्रा का आरोप है कि विक्रेता ने जानबूझकर 7.21 लाख रुपये का चेक अपने खाते में जमा नहीं कराया और बिक्री अनुमति मिलने के बाद भी बैंक विवरण देने में टालमटोल करता रहा। कई बार फोन, व्हाट्सएप संदेश और स्मरण पत्र भेजने के बावजूद उसने कोई जवाब नहीं दिया। बाद में उसने संपत्ति का भाव बढ़ने की बात कहकर सौदे की राशि बढ़ाने का दबाव भी बनाया, लेकिन समझाने पर पुरानी शर्तों पर सहमत हो गया। शिकायतकर्ता के अनुसार, सभी औपचारिकताएं पूरी करने, स्टांप शुल्क और सरकारी फीस जमा करने व नौ जुलाई को रजिस्ट्री का टोकन मिलने के बावजूद विक्रेता तहसील में रजिस्ट्री कराने नहीं पहुंचा। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पल्ला थाना ने शिकायत की जांच के बाद 15 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज कर ली है।