- छठ से एक दिन पहले तीन युवकों ने दुकान लगाने के बदले रंगदारी देने की कही थी बात
फरीदाबाद (संवाद)। डबुआ सब्जी मंडी में चाय की दुकान लगाने को लेकर हुए विवाद में फरदीन पर बौंचा और उसके छह-सात साथियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। फरदीन के दोस्त नसीम ने आरोप लगाया कि छठ से एक दिन पहले तीन युवक दुकान पर आए थे। उन्होंने दुकान लगाने के बदले रंगदारी देने की मांग की थी। इसी रंजिश में बाद में फरदीन पर हमला किया गया।
नसीम के मुताबिक, फरदीन ने करीब सात-आठ दिन पहले ही डबुआ सब्जी मंडी में चाय की दुकान शुरू की थी। 16 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे फरदीन ने फोन कर बताया कि बौंचा और उसके छह-सात साथियों ने उसे लाठी-डंडों से पीटा है और वह मंडी में पड़ा है। नसीम मौके पर पहुंचे तो फरदीन घायल अवस्था में मिला। वह उसे बीके अस्पताल ले गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 17 नवंबर को अस्पताल में फरदीन के बयान दर्ज किए गए। मेडिकल रिपोर्ट में उसके बाएं हाथ पर चोट और दाहिने पैर के अंगूठे में सूजन की पुष्टि हुई है। थाना डबुआ पुलिस ने बौंचा और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।