राशि बरामद कर दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के तहत प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने मंगलवार को आबकारी एवं कराधान विभाग फरीदाबाद के अधिकारी और उसके चालक को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सुरेन्द्र पूनिया और राम बाबू के रूप में हुई है।
विजिलेंस ने रंगेहाथों पकड़े जाने के बाद रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित लक्की बाबा ट्रांसपोर्ट कंपनी (संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर, दिल्ली) में नौकरी करता है और कंपनी की गाड़ियों के रूट पास व देखभाल का काम संभालता है। 10 अगस्त को ईटीओ सुरेन्द्र पूनिया ने लखनऊ से आ रहे स्क्रैप (कबाड़) से भरे उनकी कंपनी के एक ट्रक को फरीदाबाद के सीकरी के पास रोक लिया था। इसकी सूचना मिलने पर शिकायतकर्ता उसी रात सीकरी पहुंचकर ईटीओ सुरेन्द्र पूनिया से मिला। ईटीओ ने डराते हुए कहा कि ट्रक पर 10 लाख रुपये की पेनाल्टी बनती है लेकिन यदि चार लाख रुपये दे दिए जाएं तो वह गाड़ी को छोड़ देगा। गाड़ी छुड़ाने के दबाव में शिकायतकर्ता 14 अगस्त को दोबारा ईटीओ सुरेन्द्र पूनिया से मिलने उसके निवास स्थान पीजी, सेक्टर-11 पहुंचा। वहां ईटीओ ने सौदेबाजी करते हुए कहा कि दो लाख रुपये 15 अगस्त के बाद दे देना और बाकी के 2 लाख रुपये उसके 2-4 दिन बाद दे देना। इसके बदले उसने आश्वासन दिया कि वह भविष्य में उनकी कंपनी की किसी भी गाड़ी को नहीं रुकवाएगा। इस पूरी बातचीत और रिश्वत की मांग के दौरान ईटीओ का चालक राम बाबू भी साथ मौजूद था। पीड़ित ने अपने बचाव और साक्ष्य के तौर पर रिश्वत मांगने की पूरी बातचीत की ऑडियो/वीडियो रिकॉर्डिंग अपने फोन में कर ली।
रिश्वत देने के बजाय शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की लिखित शिकायत और रिकॉर्डिंग राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को सौंप दी। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार को शिकायतकर्ता मांगी गई चार लाख की रिश्वत में से एक लाख रुपये पेशगी (पहली किस्त) के तौर पर लेकर ईटीओ कार्यालय पहुंचा। जैसे ही ईटीओ सुरेन्द्र पूनिया के पास बैठे चालक राम बाबू ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की नकद राशि पकड़ी, विजिलेंस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा और चालक के पास से रिश्वत के रुपये बरामद कर लिए हैं।
कोई रिश्वत मांगे तो यहां करें शिकायत
ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी सरकारी काम करने के बदले रिश्वत की मांग करता है तो राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हरियाणा की हेल्पलाइन 1064 अथवा 1800-180-2022 पर शिकायत की जा सकती है।