अपराध शाखा डीएलएफ ने 24 घंटे में दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। तिगांव थाना क्षेत्र में मंझावली गांव के पास शेखपुर मोजाबाद गांव में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को घर के पास गड्ढा खोदकर जमीन में दबा दिया था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। शराब पीकर मारपीट करने से परेशान होकर पत्नी ने प्रेमी के साथ पति की हत्या का षडयंत्र रचा था। अपराध शाखा के सहायक पुलिस आयुक्त अमन यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान मृतक की पत्नी हाथरस उत्तर प्रदेश निवासी और उसके प्रेमी महोबा उत्तर प्रदेश निवासी कामत के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि कामत मृतक श्यामवीर के साथ गांव मोजाबाद स्थित मकान में रहता था। इसी दौरान उसके मृतक की पत्नी के साथ संबंध बन गए थे। श्यामवीर को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते वह पत्नी से शराब के नशे में अक्सर झगड़ा करता था।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने श्यामवीर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 16 अगस्त की शाम कामत ने श्यामवीर को शराब पिलाई। नशे में होने के बाद कामत ने इंटरलॉकिंग टाइल से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी। वहीं पत्नी ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया था ताकि अंदर की आवाज बाहर न जा सके। हत्या के बाद दोनों ने शव को घर के पास गड्ढा खोदकर मिट्टी में दबा दिया।24 अगस्त को फरीदाबाद कंट्रोल रूम से तिगांव थाना पुलिस को एक व्यक्ति के जमीन में दबे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाया। मृतक के भाई गांव धाधउ जिला हाथरस निवासी रामबीर की शिकायत पर हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।