आदर्श नगर थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
अनजान कॉलर ने दी मौत की सूचना, पति, ससुर और देवर को हिरासत में लिया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। आदर्श नगर थाना क्षेत्र में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष के अनुसार उसकी बेटी ने अपनी बहन को फोन कर बताया कि ससुराल वाले उससे झगड़े रहे हैं। इसके कुछ देर बाद ही अनजान नंबर से कॉल करने वाले व्यक्ति ने बेटी की फांसी लगाने की सूचना दी। मायके पक्ष की शिकायत पुलिस ने पति, ससुर और देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं सास और ननद से भी पूछताछ की जा रही है। पिता की शिकायत पर आदर्श नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
गांव जवां निवासी वीरेंद्र ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे उसकी बेटी लक्ष्मी उर्फ चांदनी ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि ससुराल वाले उससे झगड़ रहे हैं। बातचीत के दौरान वह रो रही थी और उसने अपने पिता या भाई को तुरंत घर भेजने की बात कही। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया और शाम करीब 5:45 बजे एक अनजान नंबर से सूचना मिली कि उसने फांसी लगा ली है।
परिजनों का आरोप है कि उन्हें घटना की जानकारी समय पर नहीं दी गई। जब वह मौके पर पहुंचे तो पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए एंबुलेंस में रख रही थी। इससे नाराज परिजनों ने एंबुलेंस रोककर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मृतका के पिता का कहना है कि 2012 में हुई शादी के बाद से उनकी बेटी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था और घर में अक्सर विवाद होते थे। उनका आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते उनकी बेटी की मौत हुई।
बल्लभगढ़ के एसीपी रवि कुंडिया ने बताया कि मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।