बल्लभगढ़ से रेफर होकर आए मरीज को नहीं मिला उपचार
व्हीलचेयर की कमी को लेकर भी परिजनों ने जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के दावों के बीच बीके अस्पताल में अव्यवस्थाओं के कारण मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बल्लभगढ़ से रेफर होकर बीके अस्पताल पहुंचे एक मरीज को दो घंटे से अधिक इंतजार के बाद भी डॉक्टर नहीं मिला। उपचार के लिए परेशान परिजन आखिरकार मरीज को लेकर ईएसआई अस्पताल चले गए। परिजनों ने अस्पताल में व्हीलचेयर की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई।
परिजनों का कहना है कि मरीज का पहले बल्लभगढ़ में उपचार चल रहा था। वहां से उसे बेहतर उपचार के लिए बीके अस्पताल रेफर किया गया था। परिवार मरीज को लेकर बीके अस्पताल पहुंचा, लेकिन दो घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी चिकित्सक उपलब्ध नहीं हुए। परिजनों का कहना है कि वे लगातार डॉक्टर का इंतजार करते रहे, लेकिन मरीज को उपचार नहीं मिल सका। आखिरकार उन्होंने मरीज को ईएसआई अस्पताल ले जाने का फैसला किया।
व्हीलचेयर से मरीज को हटाने के लिए कहा
परिजनों ने बताया कि मरीज को अस्पताल में लाने के लिए उन्होंने व्हीलचेयर मांगी थी। इस दौरान उनसे व्हीलचेयर से मरीज को हटाने के लिए कहा गया, क्योंकि उस पर सामान ले जाना था। जब परिजनों ने इसका विरोध किया तो उन्हें बताया गया कि अस्पताल में एक ही व्हीलचेयर उपलब्ध है। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में आने वाले मरीजों की सुविधा के लिए पर्याप्त व्हीलचेयर होनी चाहिए, ताकि उन्हें इस तरह की परेशानी न उठानी पड़े।
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्राथमिकता है। त्योहार के दौरान कुछ चिकित्सकों के अवकाश पर होने के कारण ड्यूटी व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मरीजों को उपचार में परेशानी न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। व्हीलचेयर की उपलब्धता की भी जांच कराई जाएगी और मरीजों की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। - डॉ. सतीश वर्मा, कार्यवाहक पीएमओ, बीके अस्पताल