फरीदाबाद सेक्टर 12 खेल परिसर में योग मैराथन भाग लेते बच्चें । संवाद
सेक्टर-12 खेल परिसर से एडीसी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। 21 जून को सेक्टर-12 के खेल परिसर में आयोजित होने वाले योग दिवस के जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को गति देते हुए सोमवार को योग मैराथन का आयोजन किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त अंजलि श्रोत्रिया ने सेक्टर-12 खेल परिसर से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और बताया कि 20 जून को इसी स्थल पर फाइनल रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जबकि 21 जून को जिला स्तरीय योग दिवस समारोह होगा।
एडीसी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जो व्यक्ति के शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। मैराथन में एसडीएम डॉ. हनी बंसल, एसीपी रवीज कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, योग साधक, खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। योग मैराथन खेल परिसर सेक्टर-12 से शुरू होकर सेक्टर-15, सेक्टर-12 टाउन पार्क और हुडा कार्यालय मार्ग से गुजरते हुए पुनः खेल परिसर में संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला और उन्होंने योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान एडीसी अंजलि श्रोत्रिया और एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने पौधरोपण भी किया।