फरीदाबाद। पुलिस ने अभियान के तहत 24 घंटे के भीतर दो उद्घोषित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना मुजेसर और थाना छायंसा पुलिस की टीमों ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए ऐसे आरोपियों को दबोचा, जो लंबे समय से अदालत में पेश नहीं हो रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे।
आरोपियों की पहचान पंकज निवासी फर्रुखाबाद, हाल निवासी मुजेसर फरीदाबाद व राहुल उर्फ नेपाल निवासी गांव कोन्डल, जिला पलवल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पंकज के खिलाफ थाना मुजेसर में दर्ज एक मामले में अदालत ने 9 अक्तूबर 2025 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। वहीं थाना छायंसा पुलिस ने राहुल उर्फ नेपाल को उसके पैतृक गांव कोन्डल से गिरफ्तार किया। एक मामले में लगातार गैरहाजिर रहने पर अदालत ने 14 जून को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी पंकज को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि राहुल उर्फ नेपाल को जमानत प्रदान कर दी गई। संवाद