अतिथि अध्यापकों को नियमित करने की मांग उठाई, 12 दिसंबर की रैली में हरियाणा से 25 हजार कर्मचारी होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अध्यापक नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने सेक्टर-12 स्थित जिला उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अतिथि अध्यापकों को नियमित करने और न्यायालय के फैसलों को लागू करने की मांग उठाई। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान करतार सिंह ने की।
संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि अतिथि अध्यापकों के मामले में सरकार की ओर से जारी स्पीकिंग ऑर्डर न्यायालयों के आदेशों के विपरीत है। इसे वापस लेकर सभी कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने के लिए नीति बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर को अध्यापक नेताओं की गिरफ्तारी कर्मचारी वर्ग की आवाज दबाने का प्रयास है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शास्त्री ने बताया कि 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय कर्मचारी रैली आयोजित होगी। इसमें हरियाणा से 25 हजार से अधिक कर्मचारी शामिल होंगे। रैली में पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण और ठेका प्रथा पर रोक, आठवें वेतन आयोग का लाभ देने, नए पद सृजित करने और रिक्त पदों पर नियमित भर्ती की मांग उठाई जाएगी। उन्होंने दावा किया कि रैली में कर्मचारियों की भागीदारी के पुराने रिकॉर्ड टूटेंगे।
इस दौरान सुभाष देशवाल, वीरेंद्र, दिगंबर डागर, बलबीर सिंह बालगोहर सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी नेता मौजूद रहे।