उन्होंने कहा कि मैराथन केवल दौड़ नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का अभियान है। उपायुक्त ने कहा कि आमजन को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करें। गांवों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के आने से आयोजन को नई ऊर्जा मिलेगी और ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ का संदेश भी प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचेगा। उन्होंने ग्रामीण युवाओं से खेल और फिटनेस को जीवन का हिस्सा बनाने और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की अपील की। आयुष सिन्हा ने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सामूहिक भागीदारी से मैराथन जिले की एकजुटता और स्वस्थ समाज के संकल्प का संदेश देगा। फरीदाबाद हाफ मैराथन में प्रतिभागियों के लिए 5, 10 और 21 किलोमीटर की श्रेणियां रखी गई हैं। प्रतिभागी अपनी क्षमता के अनुसार किसी भी श्रेणी में पंजीकरण करा सकते हैं। प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों से खुद भी मैराथन में शामिल होने और ग्रामीणों को प्रेरित करने का आह्वान किया है। इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। ब्यूरो