फरीदाबाद। पूर्व पार्षद और भाजपा नेता देवेंद्र चंदीला को अखिल भारतीय आदिवासी खेल संघ का हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी के बाद देवेंद्र चंदीला का फोकस प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें आगे बढ़ाने पर रहेगा।
खासकर गांवों और दूरदराज क्षेत्रों के ऐसे खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने की योजना है, जिन्हें प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। देवेंद्र चंदीला ने नियुक्ति के लिए संघ के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें सही प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और उचित मंच देने की है। उनका प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने का अच्छा माध्यम हैं। आदिवासी समाज के बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। संवाद