संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। मुजेसर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात सेक्टर-22 स्थित बिजली विभाग के शिकायत केंद्र में कार्यरत कर्मचारी ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान गांव गढ़खेड़ा के रहने वाले सुरेश के रूप में हुई है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार सुरेश दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की सब-डिवीजन नंबर 3, सेक्टर-22 के शिकायत केंद्र में पक्के कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। उसकी ड्यूटी सुबह 8 से रात 8 बजे तक रहती थी। रात करीब 9 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि सेक्टर-22 स्थित बिजली विभाग के शिकायत केंद्र के एक कमरे में एक कर्मचारी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां सुरेश का शव कमरे के पंखे से लटका हुआ था।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना का पता उस समय चला जब अन्य कर्मचारी नाइट ड्यूटी के लिए पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।