समस्या के समाधान के लिए तीन बार शिविर पहुंचे हरकेश
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में बृहस्पतिवार को आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 11 शिकायतें और आवेदन पहुंचे। इनमें परिवार पहचान पत्र में आय संबंधी त्रुटियों, नए सदस्य जोड़ने, प्रॉपर्टी, पुलिस और बिजली से जुड़ी शिकायतें शामिल रहीं।
एसडीएम डॉ. हनी बंसल ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि समाधान शिविरों में सबसे अधिक शिकायतें परिवार पहचान पत्र में आय संबंधी गलतियों और नए सदस्यों को जोड़ने से संबंधित आ रही हैं। इसके अलावा राशन कार्ड, अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग से जुड़ीं शिकायतें भी नागरिक लेकर पहुंच रहे हैं। शिविर में नगर निगम से संबंधित छह, पुलिस विभाग से दो तथा स्वास्थ्य, राजस्व और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से एक-एक शिकायत या आवेदन प्राप्त हुआ। अधिकारियों ने मौके पर शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविरों में नागरिकों की बढ़ती भागीदारी प्रशासन पर उनके भरोसे को दर्शाती है। नागरिक स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, पेंशन, राशन कार्ड, बिजली सहित अन्य समस्याओं को लेकर शिविर में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वहीं, पर्वतीय कॉलोनी निवासी, हरकेश ने बताया कि उनका बिजली का बिल सामान्य तौर पर 150 से 200 यूनिट की खपत का बिल आता है। कई महीनों से उनके घर पर कोई भी मीटर रीडर रीडिंग लेने नहीं आया। उन्होंने बताया कि छह महीने बाद नए मीटर रीडर ने पिछली बची हुई करीब 2500 यूनिट की खपत एक साथ बिल में जोड़ दी। जबकि छह महीनों के बिलों का पूरा भुगतान समय पर कर दिया गया है। इस समस्या को लेकर वह तीन बार समाधान शिविर आ चुके हैं।
पेंशन के लिए दूसरी बार शिविर में पहुंचीं रूपवती
भारत कॉलोनी निवासी रूपवती ने बताया कि उनकी वृद्धावस्था पेंशन दो महीने से नहीं आई है। सत्यापन कराने के लिए संदेश आने पर उन्होंने सभी जरूरी दस्तावेज जमा करा दिए थे। इसके बावजूद पेंशन रोक दी गई है। वह इस समस्या की शिकायत लेकर दूसरी बार समाधान शिविर में पहुंचीं। सेहतपुर निवासी अन्नू ने बताया कि उनके पति की मृत्यु हो चुकी है लेकिन पारिवारिक पहचान पत्र में अभी भी वैवाहिक स्थिति गलत दर्ज है। इसके कारण उन्हें विधवा पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि पहचान पत्र में गलत जानकारी ठीक कराने के लिए वह कई बार कार्यालय के चक्कर लगा चुकी हैं लेकिन आश्वासन के अलावा उन्हें कुछ नहीं मिलता।
टीसी नहीं मिलने से बेटी का दूसरे स्कूल में दाखिला अटका
डबुआ निवासी प्रीति ने बताया कि स्कूल प्रबंधन उनकी बेटी को टीसी नहीं दे रहे हैं। स्कूल की ओर से फीस जमा नहीं करने की बात कही जा रही है, जबकि उनका कहना है कि फीस का भुगतान किया जा चुका है। टीसी नहीं मिलने के कारण बेटी का दूसरे स्कूल में दाखिला नहीं हो पा रहा है और उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।