ठेकेदार,जेई, एसडीओ, एक्सईएन पर एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना इलाके में बिजली पोल पर फाॅल्ट ठीक करने चढ़े युवक की करंट लगने से झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक बवुल पलवल के रजोलाका का रहने वाला था। उसके चाचा ताराचंद की शिकायत पर खेड़ीपुल थाना पुलिस ने ठेकेदार निखिल, बिजली निगम के जेई दर्शन सिंह के साथ ही एसडीओ व एक्सईएन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में टीम कार्रवाई कर रही है।
मृतक बवुल के चाचा गांव नीमका फज्जूपुर निवासी ताराचंद ने ये शिकायत पुलिस को दी है। इनका भतीजा बवुल ठेकेदार निखिल के अधीन बिजली निगम में काम करता था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 23 सितंबर की दोपहर लगभग 12 बजे बवुल को जानबूझकर बिजली के खंभे पर चढ़कर काम करने पर मजबूर किया गया। आरोप है कि इसी दौरान बवुल को करंट लगा और वो बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब 9 दिन भर्ती रहने के बाद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ तो युवक को एलएनजेपी अस्पताल दिल्ली में भर्ती कराया गया। 25 अक्तूबर को इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। मामले में अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।