संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए फरीदाबाद पुलिस ने सेक्टर -21 सी पुलिस आयुक्त में ऑटो चालकों के साथ बैठक की। इस बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल ने ऑटो यूनियन के प्रधानों और चालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने चालकों से एक सप्ताह के भीतर अपने वाहनों के सभी दस्तावेज पूरे करने को कहा है, जिसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ऑटो चालकों की समस्याओं को भी सुना गया, जिसमें पार्किंग और स्टैंड की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा और पार्किंग के लिए स्थान भी चिन्हित किए जाएंगे। इसके साथ ही ऑटो स्टॉप के संबंध में चौक-चौराहे से 50 से 100 मीटर आगे-पीछे जगह चिन्हित करके ऑटो स्टॉप के साइन बोर्ड लगवाए जाए।