रात में बिजली फॉल्ट को नहीं किया जाता ठीक कर्मचारियों की कमी के कारण रात में नहीं लगती ड्यूटी संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सिटी वन क्षेत्र के अंदर आने वाले गांवों में रात के समय बिजली में फाल्ट आने पर बिजली कर्मचारी ठीक करने नहीं आते हैं। इस कारण ग्रामीणों को पूरी रात बिजली के बिना गुजारनी पड़ती है। कर्मचारियों की कमी के कारण रात में ड्यूटी नहीं रहती है।
सिटी वन डिवीजन के पास चार बड़े गांव हैं, जिसमें सागरपुर, सुनपेड़, मलेरना और साहुपुरा शामिल है। चारों गांव में बिजली सप्लाई के फॉल्ट को ठीक करने के लिए 10 कर्मचारियों की आवश्यकता होती है, लेकिन बिजली निगम के पास मात्र 3 ही लाइनमैन हैं। इस कारण रात में किसी लाइनमैन की ड्यूटी नहीं रहती है। इन गांवों में रात के समय बरसात व अन्य किसी कारणवश बिजली बाधित हो जाती है तो ग्रामीणों को रात भर बिना बिजली के कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बताया जा रहा है कि जिले में करीब 500 लाइन मैन की आवश्यकता है लेकिन निगम में कोई भर्ती नहीं की जा रही है। कार्यकारी अभियंता नीरज दलाल का कहना है कि लाइनमैन की कमी के कारण रात के समय किसी की भी ड्यूटी पर नहीं लगाया जाता है। इसलिए गांव के लोगों को बिजली समस्या से जूझना पड़ता है।