शोरूम में आग लगने से बुजुर्ग महिला की जलकर मौत
फरीदाबाद। एनआईटी-1 सी ब्लॉक स्थित कंबल के शोरूम में बुधवार देर रात करीब साढ़े बारह बजे आग लग गई। हादसे में शोरूम संचालक की 70 वर्षीय मां की जलकर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक शॉर्ट सर्किट की वजह से शोरूम में आग लगी।
दमकल की आठ गाड़ियों ने बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे आग पर काबू पाया। दोपहर तक भी शोरूम के बेसमेंट से धुआं निकलता रहा। आग लगने से करीब एक करोड़ से ज्यादा का माल जलकर राख हो गया। शहर के रिहायशी इलाके में बना शोरूम बेसमेंट, ग्राउंड व पहली मंजिल तक फैला हुआ था। दूसरी व तीसरी मंजिल पर शोरूम संचालक देवेंद्र भाटिया परिवार के साथ रहते हैं। भाटिया की बुजुर्ग मां शकुंतला भाटिया (70) सीढ़ियां नहीं चढ़ पाने के कारण शोरूम के पीछे बने कमरे में रहती थीं। भाटिया ने बताया कि बुधवार रात करीब ग्यारह बजे उन्होंने शोरूम बंद किया और खाना खाने चले गए। करीब साढ़े बारह बजे पड़ोसियों के शोर की आवाज सुनी और नीचे की तरफ आने लगे। उन्होंने देखा कि नीचे धुआं भरा था। जान बचाने के लिए वह ऊपर की तरफ भागे और पत्नी रचना भाटिया व बेटी समृद्धि को लेकर छत पर चढ़ गए। तब तक घर में काफी धुआं भर चुका था। इसके बाद परिवार के तीनों लोग पड़ोस के सुशील भाटिया के मकान की छत पर कूद गए। करीब एक मंजिल की ऊंचाई से कूदने के कारण सभी को चोटें भी आई।
क्रेन से तोड़ा गया शोरूम का शटर
शोरूम का शटर इतना मजबूत था कि उसे खोलने में दमकल विभाग के भी पसीने छूट गए। आनन फानन में थाना कोतवाली प्रभारी ने एक क्रेन का इंतजाम किया और शटर को तोड़ा गया। शटर टूटते ही आग की लपटें बाहर तक आने लगी। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बुजुर्ग महिला के शव को ढूंढा गया। तब तक बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ चुकी थी। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में भिजवाया गया।