संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दीपावली की खरीदारी कर घर लौट रहे बुजुर्ग दंपति की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा सूरजकुंड रोड पर हुआ। पुलिस ने मृतक महिला के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रेम झुग्गी निवासी खुशाली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया बड़ी बहन सुदामा (58) और बहनाेई शिवराम (64) सूरजकुंड रोड डिलाइट गार्डन के पास झुग्गी में रहते थे। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे वे घर का सामान लेकर पैदल लौट रहे थे। सूरजकुंड रोड पर तेज रफ्तार वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। दोनों बुरी तरह घायल कर आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तब तक सुदामा (58) की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल शिवराम (64) को इलाज के लिए बादशाह खान अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।