नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ रहा एक्सप्रेसवे, शहरी विकास के प्रधान सचिव ने किया विकास कार्यों का दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने वाले ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के किनारे ग्रीनफील्ड सिटी बसाने की कवायद शुरू हो गई है। इस सिटी में होटल, रेस्तरां, मॉल-मल्टीप्लेक्स, स्कूल-कॉलेज, हाईराइज सोसाइटियों, स्विमिंग पूल, कैफे और मार्केट आदि सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। योजना पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। इसे लेकर मंगलवार को शहरी विकास के प्रधान सचिव डीएस ढेसी ने शहर में चल रहे विकास कार्य का दौरा किया। प्रोजेक्ट पर खर्च की जानकारी के लिए डीपीआर तैयार की जाएगी।
डीएस ढेसी ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों में तेजी लाने के आदेश दिए। प्रधान सचिव ने ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे को अगस्त तक पूरा करने की बात कही। शहरी विकास के प्रधान सचिव डीएस ढेसी मंगलवार सुबह करीब नौ बजे फरीदाबाद पहुंचे। यहां सबसे पहले उन्होंने फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, एचएसवीपी और स्मार्ट सिटी लिमिटेड अधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद अधिकारियों के साथ बन रहे एक्सप्रेसवे का निरीक्षण किया।
डीएस ढेसी इससे पहले फरीदाबाद क्षेत्र में चल रहे दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य देखने पहुंचे। यहां लगभग काम 70 फीसदी पूरा बताया गया। एनएचएआई के अधिकारियों ने कहा कि ढाई से तीन महीने में काम पूरा कर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। इसके अलावा जेवर स्थित नोएडा एयरपोर्ट तक बन रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण में आ रही दिक्कतों को जल्द दूर करने का आदेश दिया। एफएमडीए अधिकारियों ने बताया कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के किनारे व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने की योजना बनाई गई है। होटल, मॉल आदि खोले जाएंगे।
मिर्जापुर एसटीपी और बड़खल झील पर चल रहे कार्य का किया निरीक्षण
प्रधान सचिव मिर्जापुर एसटीपी और बड़खल झील पर चल रहे विकास कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे जहां उन्होंने बड़खल झील को दिसंबर में लोगों को समर्पित करने के लिए कहा। वहीं जून के अंत में मिर्जापुर एसटीपी को चालू करने के लिए नगर निगम अधिकारियों ने बताया।
अप्रैल में शुरू होना था दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे
बाईपास रोड पर निर्माणाधीन दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है। तीन माह पहले केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस एक्सप्रेसवे का दौरा किया था तब एनएचएआई ने इसे अप्रैल तक निर्माण कार्य पूरा कर लोगों के लिए खोलने का दावा किया था, लेकिन मई बीतने वाला है अब तक काम पूरा नहीं हो सका है। इस पर प्रधान सचिव डीएस ढेसी ने अधिकारियों से नाराजगी व्यक्त की और काम में देरी पर एनएचएआई अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। इससे पहले पिछले साल एनएचएआई की तरफ से कैली से मिंडकौला वाले पेच को शुरू कर दिया गया है। अब पैकेज दो के तहत जैतपुर से सेक्टर 62-65 डिवाइडिंग रोड के जंक्शन तक काम चल रहा है।
जल्द शुरू करें एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण
प्रधान सचिव इसके बाद जेवर ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य देखने पहुंचे। वहां पर पहुंचकर उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मास्टर प्लान 2031 के अंतर्गत आने वाले सेक्टर 117 से 123 के बीच बनाए जाने वाले एलिवेटेड फ्लाईओवर के लिए जल्द काम शुरू करें, क्योंकि मूल टेंडर में एलिवेटिड फ्लाईओवर शामिल नहीं था। अब एनएचएआई के अधिकारी इस फाइल को जल्द आगे बढ़ाए।