- जगह-जगह अवैध पार्किंग के चलते लगता था जाम, छुटकारा मिलेगाए निगम की होगी आय
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के लोगों को जाम के झाम से छुटकारा मिलेगा। नगर निगम का पिछले दिनों पार्किंग के लिए कराया गया सर्वे पूरा हो गया है। अब नगर निगम लगभग 2.69 करोड़ की लागत से भीड़भाड़ वाले हिस्सों में 14 जगहों पर पार्किंग बनाने की तैयारी कर रहा है। स्मार्ट सिटी में फिलहाल कोई पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में लोगों को बेहद परेशानी होती है, वाहन चालक बाजारों में वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहते हैं।
शहर के लोगों के लिए बाजारों से निकलना किसी जंग को जीतने से कम नहीं है। सबसे बुरा हाल एनआईटी, बल्लभगढ़ और ओल्ड फरीदाबाद का है। ऐसे में लोग बेतरतीब तरीकों से बाजार के आस-पास वाहनों को पार्क कर देते हैं, जिससे बाजार के साथ-साथ सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है। अधिकांश सड़कों पर सक्रिय पार्किंग माफिया यहां अवैध पार्किंग से पैसे कमा रहे हैं। निगम इस समस्या के समाधान की कवायद में जुट गया है। निगम ने यह परियोजना एक सर्वे रिपोर्ट के आधार पर बनाई है। शहर की मुख्य सड़कों के किनारे खाली जमीन से अतिक्रमण हटाया जाएगा। वहीं एनएच इलाकों में नालों को पाटकर पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। पार्किंग के लिए शहर की मुख्य सड़कों के साथ खाली सरकारी जमीन पर साइट चिह्नित किया गया है। जल्द लोगों को समस्या से छुटकारा मिलेगा।
आज भी मल्टीलेवल पार्किंग का इंतजार, बढ़ रहे माफिया
ओल्ड फरीदाबाद में तैयार हुई तीन मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग का उद्घाटन 24 जनवरी को पूर्व मुख्यमंत्री किया था। उद्घाटन के बाद भी यह पार्किंग की सुविधा लोगों को नहीं मिल पाई है। यह पार्किंग 17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई है। इस पार्किंग में एक साथ करीब 100 गाड़ियों को पार्क करने की व्यवस्था है। स्थाई पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से पार्किंग माफिया बढ़ रहे है। फरवरी में मुख्यमंत्री उड़न दस्ता (सीएम फ्लाइंग) की टीम ने फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के बाहर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसपीसीबी) की खाली पड़ी जमीन पर चल रहे दो अवैध पार्किंग माफिया के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अतिरिक्त बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन के पास एचएसपीसीबी की जमीन पर कब्जा कर पार्किंग चलाने वाले पर कार्रवाई हुई थी।
-
इन हस्सों में बनेगी पार्किंग
- बीके-हार्डवेयर चौक के बीच बने नाले पर
- बीके नीलम चौक के बीच बने नाले पर
- नीलम चौक से शहीद भगत सिंह चौक के नाले पर
- नीलम चौक से बाटा चौक के नाले पर
- दशहरा मैदान एनआईटी के पास
- हार्डवेयर चौक से सेक्टर-55 सड़क किनारे
- अनाज गोदाम वाली सड़क के किनारे
- पुराना फरीदाबाद में बाराही तालाब के पास
- बल्लभगढ़ में दशहरा मैदान पर
- सेक्टर-16 में
- सेक्टर-15 में
- सेक्टर-17 में
- ऊंचा गांव बाजार
- चावला काॅलोनी बाजार