प्रवर्तन निदेशालय (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को हरियाणा में अमीरा प्योर फूड्स के निदेशक, सहायक और कंपनी के ठिकानों पर छापा मारा। 1201.85 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में ईडी ने पीएमएलए के तहत अमीरा प्योर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ी 131.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति कुर्क की है। इसमें करनाल और फरीदाबाद में स्थित विशाल भूखंड और नई दिल्ली एवं गुरुग्राम में आवासीय घर शामिल हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा, लोन धोखाधड़ी मामले में अमीरा प्योर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के पूर्व निदेशकों और समूह की सहायक कंपनियों से संबंधित ये जब्ती की गई है।
ईडी ने आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत सीबीआई की ओर से दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की। सीबीआई ने केनरा बैंक के नेतृत्व वाले बैंकों के संघ को 1201.85 करोड़ रुपये की क्षति पहुंचाने और धोखाधड़ी, हेराफेरी, विश्वासघात के आरोपों में अमीरा प्योर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड, करण ए चनाना, अनीता डियांग, अनिल गुप्ता और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
ईडी की जांच में पता चला है कि आरोपियों ने अन्य संस्थाओं के साथ मिलीभगत कर बैंकों से लिए गए लोन की धनराशि विभिन्न शेल कंपनियों के खातों में अवैध रूप से स्थानांतरित कर दी। इससे पहले ईडी ने समूह से संबंधित विभिन्न ठिकानों पर छापे मारकर आपत्तिजनक दस्तावेज और 1.01 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की थी।