कैप्शन: पलवल अनाज मंउी में मार्केट कमेटी के गेट पर ताला लगाने के बाद बाहर प्रदर्शन करते आढ़ती
कार्यालय में बैठक कर रहे एसडीएम को भी किया बंद
सरकार व प्रशासन के खिलाफ की जमकर नारेबाजी
गेहूं उठान न होने पर प्रशासन पर लगाया ठेकेदार से मिलीभगत का आरोप
संवाद न्यूज एसेंसी
पलवल। मंडियों में गेहूं का उठान न होने से नाराज आढ़तियों ने सोमवार को उस समय मार्केट कमेटी के गेट पर ताला लगा दिया, जब एसडीएम नरेंद्रा मार्केट कमेटी कार्यालय में गेहूं खरीद को लेकर सचिव व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। गेट पर ताला लगाने के बाद आढ़तियों ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बाद एसडीएम के अनुरोध पर आढ़ती कार्यालय का ताला खोलकर अंदर गए तथा एसडीएम से बात की। काफी देर तक हुई आढ़तियों व एसडीएम के बीच बातचीत के बाद एसडीएम ने उनकी सभी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया, तब जाकर आढ़ती माने।
पलवल अनाज मंडी में एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू हो गई थी। गेहूं की खरीद लगातार जारी है, लेकिन खरीदे गए गेहूं का उठान नहीं हो रहा है। पहले तो गेहूं उठान का ठेका ही नहीं छोड़ा गया था। आढ़तियों व किसानों द्वारा हंगामा करने के बाद 11 अप्रैल को ठेका तो छोड़ दिया गया, लेकिन गेहूं का उठान आज तक नहींं हुआ। इस बात से आढ़ती परेशान हैं। मंडियों में गेहूं का उठान न होने के कारण पूरी मंडी गेहूं के कट्टों से अटी पड़ी है। सारा गेहूं खुले आसमान के नीचे रखा हुआ है तथा बारिश होने पर उसके खराब होने का भी खतरा है। उधर किसान गेहूं का उठान न होने के चलते अपनी अदायगी न होने से परेशान घूम रहे हैं।
एक तरफ गेहूं का उठान न होने से मंडियों में और गेहूं खरीद करने के लिए जगह की कमी तथा दूसरी तरफ किसानों द्वारा गेहूं का पैसा मांगने के लिए लगातार लगाए जा रहे आढ़तियों के पास चक्कर से नाराज आढ़ती सोमवार को पूरे उग्र रूप में आ गए। उसी दौरान 11 बजे के आसपास एसडीएम नरेंद्रा मंडी में गेहूं खरीद प्रक्रिया की जानकारी लेने के लिए पहुंच गए। एसडीएम जैसे ही मार्केट कमेटी कार्यालय में पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक शुरू की, तभी आढ़तियों को इसकी जानकारी मिल गई। आढ़ती मौके पर पहुंच गए तथा एसडीएम से मिलन के बजाय कार्यालय के बाहर का गेट बंंद कर वहां ताला लगा दिया। ताला लगाने के बाद आढ़तियों ने नारेबाजी शुरू की। नारेबाजी की आवाज सुनकर एसडीएम तथा सचिव बाहर निकल आए तो उन्होंने गेट का ताला लगा देख आढ़तियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आढ़ती नहीं माने और नारेबाजी करते रहे।
आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान गौरव तेवतिया के नेतृत्व में मार्केट कमेटी कार्यालय पर ताला लगा हंगामा कर रहे आढ़तियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन जानबूझकर गेहूं का उठान नहीं करा रहा है। ठेकेदार के पास न तो मजदूर हैं और न ही गाड़ियां हैं। गेहूं का उठान न होने के कारण मंडी में और गेहूं खरीद के लिए जगह नहीं बची है। आरोप लगाया कि सारा गेहूं खुले आसमान के नीचे रखा है और बारिश होने पर खराब हो सकता है। प्रधान गौरव तेवतिया ने बताया कि करीब चार लाख गेहूं के कट्टे मंडी में उठान न होने के कारण खुले में रखे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं किया और दो दिन में गेहूं का उठान नहीं हुआ तो मंडी के चारों तरफ प्रवेश करने वाले गेटों पर ताला लगा दिया जाएगा तथा गेहूं खरीद प्रक्रिया को रुकवा दिया जाएगा। आढ़तियों ने एसडीएम से मांग की कि गेहूं का उठान शुरू कराया जाए तथा जल्द से जल्द सारा गेहूं उठवाया जाए। इस अवसर पर हेमराज सहरावत, नरवीर दलाल के अलावा काफी संख्या में आढ़ती मौजूद थे।