जिला अस्पताल की एक्सरे मशीन खराब, मैनुअल मशीन से करनी पड़ रही जांच पहले होती थी 250 से 300 मरीजों की जांच, अब दिन में मात्र 30 की हो रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में तीन दिन से एक्सरे मशीन खराब है। मशीन खराब होने की वजह से मरीजों को एक्सरे कराने में काफी परेशानी हो रही है। अस्पताल में प्रतिदिन करीब 250 से 300 मरीजों के एक्सरे किए जाते हैं। डिजिटल एक्सरे मशीन खराब होने की वजह से कर्मचारी मैनुअल मशीन से मरीजों का एक्सरे कर रहे हैं, जिससे प्रतिदिन सिर्फ 30 मरीजों के एक्सरे ही हो पा रहे हैं। एक्सरे मशीन की गति धीमी होने के कारण मरीजों को काफी देर तक एक्सरे कराने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। इसके साथ ही कई मरीजों को बिना एक्सरे किए ही वापस भेजा जा रहा है।
बीके अस्पताल में प्रतिदिन 1500 से 2000 मरीज आ रहे हैं। इनमें से प्रतिदिन करीब 250 से 300 मरीजों का एक्सरे किया जाता है। एक्सरे विभाग का खुलने का समय सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक होता है। अस्पताल की डिजिटल एक्सरे मशीन खराब होने के कारण मरीजों को एक्सरे कराने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई मरीजों को मजबूरी में निजी अस्पताल में एक्सरे कराने के लिए जाना पड़ रहा है।
डिजिटल मशीन से मरीजों का एक्सरे करने में एक से दो मिनट लगता है। वहीं, मैनुअल मशीन से एक मरीज का एक्सरे करने में 9 से 10 मिनट लग रहे हैं। इसकी वजह से प्रतिदिन सिर्फ 30 मरीजों का ही एक्सरे किया जा रहा है। अस्पताल कर्मी ने बताया कि मैनुअल मशीन को चलाने के लिए दो से तीन लोगों की जरूरत पड़ती है। इसकी वजह से रात में ड्यूटी करने वाले स्टाफ को दिन में ड्यूटी करनी पड़ रही है।
वर्जन
मशीन खराब होने की शिकायत निर्माता कंपनी से कर दी गई है। एक से दो दिन में मशीन को ठीक करा दिया जाएगा। इसके बाद मरीजों को एक्सरे कराने में कोई परेशानी नहीं होगी। - दारा सिंह राठी, प्रधान चिकित्सा अधिकारी, बीके अस्पताल