फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: तापमान में गिरावट से बढ़ी जोड़ों के दर्द की परेशानी

विज्ञापन
विज्ञापन
बुजुर्गाें को घुटनों और कमर में दर्द के कारण चलने-फिरने में हो रही दिक्कत
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी

फरीदाबाद। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ बुजुर्गों में जोड़ों के दर्द की परेशानी बढ़ने लगी है। तापमान में गिरावट के बीच घुटनों, कमर और कंधों में दर्द के साथ अकड़न की शिकायत सामने आ रही है। सुबह बिस्तर से उठते समय पैरों को सीधा करने, जमीन पर बैठने और दोबारा खड़े होने में बुजुर्गों को परेशानी हो रही है। कई लोगों के लिए घर से बाहर निकलकर कुछ दूरी तक पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं, सीढ़ियां चढ़ने और उतरने में घुटनों पर अधिक दबाव पड़ने से दर्द बढ़ रहा है। पहले से गठिया और घुटनों की बीमारी से परेशान बुजुर्गों की दिक्कत अधिक बढ़ रही है। परेशानी से राहत पाने के लिए बुजुर्ग बीके अस्पताल की ओपीडी में पहुंचकर उपचार करा रहे हैं।

जोड़ों में दर्द के कारण बुजुर्गों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। सुबह की सैर छोड़नी पड़ रही है तो कई लोगों को घर के छोटे-मोटे काम करने में भी परिवार के सदस्यों की मदद लेनी पड़ रही है। लंबे समय तक बैठने के बाद उठने पर घुटनों में जकड़न महसूस होती है। कुछ बुजुर्गों को रात के समय भी दर्द के कारण करवट बदलने में परेशानी हो रही है। ऐसे में मौसम में बदलाव के साथ पहले से जोड़ों की समस्या से जूझ रहे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
विज्ञापन


मरीजों ने बताई परेशानी

सेक्टर-10 निवासी, गोपाल ने बताया कि ठंड शुरू होते ही घुटनों में दर्द बढ़ जाता है। सुबह उठकर चलने में काफी परेशानी होती है। कुछ देर चलने के बाद भी घुटनों में खिंचाव महसूस होता है। इस परेशानी के चलते अब उन्हें घुटनों की जांच कराने की जरूरत महसूस हो रही है। वहीं, पर्वतीय कॉलोनी निवासी, दुर्गा ने बताया कि पहले वह आसानी से सीढ़ियां चढ़ लेती थी, लेकिन अब घुटनों में दर्द के कारण सहारा लेना पड़ता है। ज्यादा देर बैठने के बाद उठने में भी परेशानी होती है।
विज्ञापन



ठंड में बुजुर्गों को जोड़ों और मांसपेशियों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। शरीर को गर्म रखें और हल्का व्यायाम व नियमित सैर करें। सुबह उठकर हाथ-पैरों को धीरे-धीरे चलाने से अकड़न कम करने में मदद मिलती है। दर्द या सूजन लगातार बनी रहे तो डॉक्टर से परामर्श जरूर लें। - डॉ. सतीश वर्मा, अस्थि रोग विशेषज्ञ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें