बेहोश होने पर छोड़कर भागे, एनआईटी थाना का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी थाना के पास कार से बाइक में टक्कर लगने के बाद कार चालक और होटल कर्मचारियों द्वारा बाइक सवार से जमकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक नितेश तेवतिया निवासी सिही, सेक्टर-आठ सड़क पर ही बेहोश हो गया।
पीड़ित नितेश ने पुलिस को बताया कि सात सितंबर की रात करीब 11 बजे वह ड्यूटी के बाद दोस्त विशु के घर जा रहा था। क्राउन सेरेमनीज के पास होटल की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जब उसने विरोध किया, तो कार चालक और होटल के दो-तीन कर्मचारियों ने उसे घेर लिया और बेरहमी से पीटकर बेहोश कर दिया। अस्पताल में कई दिनों तक नितेश को डॉक्टरों ने बयान देने के लिए अयोग्य घोषित कर रखा था। 15 सितंबर को डिस्चार्ज होने के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। एनआईटी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।