संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। शहर के मोहना रोड से गुजरने वाला प्रमुख नाले का कार्य पूरा हो गया है। इस नाले का कार्य पूरा होने से लोगों को अब सीवर ओवरफ्लो की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। वहीं नाले के निर्माण के दौरान तोड़ी गई पुलिया व रास्ते के रैंप का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
शहर के कल्पना चावला सिटी पार्क से लेकर बाईपास तक करीब 3.1 किलोमीटर लंबे नाले का जीर्णोद्धार का काम वर्ष 2019 में शुरू हुआ था। जिसको दो साल में पूरा करना था, लेकिन निर्माण कार्य साल 2023 में पूरा हो गया है। नाले के निर्माण कार्य पर 10.13 करोड़ रुपये खर्च किए गए। कार्य के दौरान जगह जगह बनी हुई पुलिया के रैप को तोड़ दिया गया । जिससे लोगों को नाले के दूसरी ओर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। नाले की एक ओर मोहना रोड बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर छोटी बड़ी दुकानें बनी हुई है। इसके अलावा कुछ जगहों पर कॉलोनी व सेक्टर में जाने के रास्ते भी बने हुए है। दुकानें व सेक्टरों में जाने के लिए नाले के ऊपर पुलिया का निर्माण किया हुआ था। लेकिन नाले के निर्माण के दौरान सभी पुलिया को तोड़ दिया गया। जिसके बाद लोगों ने अपने स्तर पर अस्थाई पुलिया का बनाया। जिससे वाहनों व लोगों को गुजरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने नगर निगम को आदेश दिए कि नाले के ऊपर जिस भी जगह पर पुलिया का निर्माण किया गया था। उसको तुरंत प्रभाव से दुरुस्त करके रैंप को बनाया जाए। शनिवार को मोहना रोड पर बने नाले की कई पुलिया के रैंप का कार्य शुरु कर दिया गया। जिससे अब लोगों को निकलने में किसी प्रकार से कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।