अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने फील्ड स्तर पर निगरानी तेज कर दी है। उपायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशन में शनिवार को एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद ने नगर निगम के वार्ड-22 में प्रमुख नालों का निरीक्षण कर सफाई और जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी नालों की सफाई पूरी करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने नालों में जमा गाद, कचरा और अन्य अवरोधों को तत्काल हटाने तथा जल निकासी को पूरी तरह सुचारू रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में हर वर्ष जलभराव की आशंका रहती है, वहां विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यक मशीनरी, पंपिंग सेट तथा अन्य संसाधन पहले से तैयार रखे जाएं, ताकि बारिश के दौरान किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में रहकर सफाई कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मानसून शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला प्रशासन के अनुसार वरिष्ठ अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में समय रहते आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें।