संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-1 में शुक्रवार को 14 वर्षीय भाविक को कुत्ते ने काट लिया। घटना के बाद बच्चे की मां शालिनी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित की मां का कहना है कि वे बी-ब्लॉक में रहती हैं। उनके अनुसार, बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले विनोद और नीतू ने एक कुत्ता पाल रखा है और वे आसपास के लावारिस कुत्तों को भी नियमित रूप से खाना खिलाते हैं। महिला का आरोप है कि इन्हीं कुत्तों ने उनके बेटे पर हमला कर उसे काट लिया।
शालिनी ने यह भी बताया कि करीब तीन वर्ष पहले भी उनके बेटे को कुत्ते ने काट लिया था। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि विनोद और नीतू के बेटे ने उनके साथ बदतमीजी भी की। शिकायत में इन सभी बातों का उल्लेख किया गया है और पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की गई है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है, जांच जारी है।