प्रदेश में सबसे ज्यादा 896 रक्तदान शिविर किए गए आयोजित, युवाओं और सामाजिक संस्थाओं की रही सक्रिय भागीदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी फरीदाबाद ने एक बार फिर रक्तदान के क्षेत्र में पूरे हरियाणा में अपनी अलग पहचान कायम की है। प्रदेश स्तरीय ताजा रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में फरीदाबाद जिले में सबसे अधिक 77,440 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। यह आंकड़ा राज्य के सभी जिलों में सबसे ज्यादा है। रक्त संग्रह के मामले में गुरुग्राम 70,402 यूनिट के साथ दूसरे स्थान पर रहा। लगातार कई वर्षों से रक्तदान के क्षेत्र में अग्रणी बने रहने वाले फरीदाबाद ने इस बार भी अपना वर्चस्व कायम रखा है।
रक्तदान के प्रति जिले के लोगों की जागरूकता और सामाजिक सहभागिता इस उपलब्धि की प्रमुख वजह मानी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से वर्षभर आयोजित अभियानों का सकारात्मक असर देखने को मिला। जिले के युवाओं, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और शिक्षण संस्थानों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान शिविरों में भाग लिया, जिससे जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध हो सका।
रक्तदान शिविरों में भी प्रदेश में अव्वल
रक्तदान शिविरों के आयोजन में भी फरीदाबाद ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। रिपोर्ट के अनुसार जिले में वर्ष 2025 के दौरान कुल 896 रक्तदान शिविर लगाए गए, जो किसी भी अन्य जिले से अधिक हैं। इसके मुकाबले गुरुग्राम में 637, पलवल में 240 और नूंह में 69 शिविर आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में आयोजित शिविरों ने रक्त संग्रह बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि नियमित जागरूकता कार्यक्रमों और सामाजिक संगठनों के सहयोग से लोगों में रक्तदान को लेकर सकारात्मक सोच विकसित हुई है।
युवाओं की भागीदारी बनी सफलता की कुंजी
विशेषज्ञों के अनुसार फरीदाबाद में रक्तदान अभियान की सफलता के पीछे युवाओं की सक्रिय भागीदारी सबसे बड़ा कारण है। कॉलेजों, औद्योगिक संस्थानों और विभिन्न सामाजिक मंचों के माध्यम से युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यही कारण है कि हर बड़े रक्तदान शिविर में युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज की जाती है। डॉक्टरों का कहना है कि एक यूनिट रक्त कई मरीजों की जान बचाने में सहायक होता है और नियमित रक्तदान समाज सेवा का सबसे प्रभावी माध्यम है।
आज लगेगा रक्तदान शिविर
रविवार को अमर उजाला की ओर से एनआईटी-3 स्थित ईएसआईसी अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। आस-पास के रहने वाले लोग यहां पहुंचकर रक्तदान कर सकते हैं।
फरीदाबाद कई वर्षों से रक्तदान के मामले में प्रदेश में अव्वल बना हुआ है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और विशेष रूप से जिले के युवाओं के सहयोग से संभव हो पाई है। भविष्य में भी इसी तरह लोगों का सहयोग मिलता रहा तो फरीदाबाद अपनी अग्रणी पहचान बनाए रखेगा।-बिजेंद्र सौरोत, सचिव जिला, रेडक्रॉस सोसाइटी