- आरडब्ल्यूए और स्थानीय लोगों में टकराव, अब आंशिक राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-37 में सड़क बंद किए जाने को लेकर स्थानीय निवासियों और रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के बीच विवाद गहरा गया है। इस फैसले से नहरपार क्षेत्र से आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को रोजाना करीब दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे उन्हें भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि आरडब्ल्यूए ने बिना पुलिस और नगर निगम की अनुमति के 18 अप्रैल को नए पुल से मथुरा रोड को जोड़ने वाली सड़क को बंद कर दिया। हालांकि दो दिन पहले इसे आंशिक रूप से खोला गया था, लेकिन बुधवार दोपहर फिर से बंद कर दिया गया, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। वहीं, आरडब्ल्यूए प्रधान आईडी शर्मा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा शर्मा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सड़क सेक्टर का आंतरिक हिस्सा है और तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसों का खतरा बना हुआ था। साथ ही क्षेत्र में चोरी और चेन स्नैचिंग की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम उठाया गया। फिलहाल रास्ता दोबारा खोल दिया गया है, जिससे लोगों को राहत मिली है, लेकिन विवाद अब भी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है।