स्कूल बसों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जाए: एसडीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में सड़क हादसे को रोकने के लिए शुक्रवार को सेक्टर 12 स्थित जिला उपायुक्त कार्यालय में बैठक हुई। इसमें सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम शिखा ने की।
उन्होंने कहा कि सड़क पर जहां भी गड्ढे हैं या सड़क क्षतिग्रस्त है, उन्हें संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर तुरंत ठीक कराए। वहीं, जिन सड़क पर दुर्घटना अधिक हुई हैं, उन्हें पहचान कर साइन बोर्ड, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर आदि लगाए। जिससे की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। अगर कहीं ट्रैफिक लाइट खराब है, तो उसकी मरम्मत प्राथमिकता से करवाई जाए। सड़क के बीच में लगे सुरक्षा ग्रिल,यदि टूट गई है या क्षतिग्रस्त हैं, तो उन्हें ठीक कराएं। किसी भी सड़क के बीच में बिजली पोल, टेलीफोन खंभा या अन्य कोई संरचना अवरोध पैदा कर रही है, तो संबंधित विभाग उसे तुरंत हटाए।
एसडीएम शिखा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला प्रशासन की ओर से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। स्कूल बसों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जाए। प्रत्येक स्कूल बस के ड्राइवर और कंडक्टर का पुलिस वेरिफिकेशन कराए। बिना वेरिफिकेशन के किसी भी व्यक्ति को बस संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी।