अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में गैर-संचारी रोगों जैसे मधुमेह, उच्च रक्तचाप आदि के प्रभावी प्रबंधन के लिए भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा संचालित स्टार-एनसीडी कार्यक्रम को सफलतापूर्वक लागू करने हेतु डीसी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक की गई। बैठक के दौरान समुदाय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने, रोगियों की शीघ्र पहचान एवं प्रबंधन, आवश्यक दवाओं और जांच उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर अधिकारियों व स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों ने स्टार-एनसीडी कार्यक्रम की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया तथा इसे फरीदाबाद में प्रभावी रूप से लागू करने हेतु रणनीति तैयार की।
बैठक में उपायुक्त विक्रम सिंह ने निर्देश दिए कि स्टार-एनसीडी कार्यक्रम की रूपरेखा को पूर्ण रूप से तैयार करते हुए ईएसआई अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, निजी अस्पताल सहित सभी संबंधित हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए एक एकीकृत कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे जिले में कार्यक्रम का प्रभावी और सुव्यवस्थित क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को जांच के लिए बुलाते समय उन्हें आभा अंकित कार्ड साथ लाने के लिए कहा जाए। इससे मरीज की चिकित्सीय स्थिति, दवा का प्रकार एवं डॉक्टर की सलाह के अनुसार उन्हें उचित खुराक और उपचार अवधि निर्धारित करने में सुविधा होगी और इलाज की प्रक्रिया अधिक सटीक व प्रभावी बन सकेगी।