फरीदाबाद। सहपाठी को चॉकलेट देने का आरोप लगा छात्रा को टॉर्चर करने के मामले में ऊपरी अदालत ने दो नई धाराएं जोड़ने के आदेश दिए हैं। पन्हेड़ा खुर्द के जेसीएम इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्य के खिलाफ जेएमआईसी कोर्ट ने आईपीसी की धारा 323 और जेजे एक्ट की धारा 75 के तहत चार्ज फ्रेम किए थे।
इसके खिलाफ छात्रा के पिता की ओर से दायर पुनरीक्षण याचिका पर संज्ञान लेते हुए अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश पुरुषोत्तम कुमार की अदालत ने आईपीसी की धारा 342 और 352 जोड़ने के आदेश दिए हैं। साथ ही दोनों पक्षों को 15 जुलाई 2025 को ट्रायल कोर्ट के समक्ष पेश होने को कहा गया है।
पिता ने दायर की पुनरीक्षण याचिका
चालान पेश होने के बाद ट्रायल चल रहे जेएमआईसी कोर्ट ने चालान में लगी धाराओं के तहत आरोप तय किए। निचली अदालत के इस आदेश के खिलाफ छात्रा के पिता ने पुनरीक्षण याचिका दायर की। जिसमें आईपीसी की धारा 330, 348, 352, 326, 34 के तहत आरोपों में जोड़ने की गुहार लगाई गई।