फरीदाबाद सेक्टर 24 मुजेसर थाने के पास नगर निगम की ग्रीन बैल्ट उजाड़कर बनाया गया धर्मकांटा ।
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। नगर निगम चाहें कितना भी अवैध कब्जों को हटाने का प्रयास कर ले, लेकिन ग्रीन बेल्ट को उजाड़ कर अतिक्रमण करने वाले अपनी कोशिश जारी रखते हैं। ऐसा ही हाल मुजेसर थाने के पास बनी हरित पट्टी का है जहां कुछ लोग उसे उजाड़कर धर्मकांटा बना रहे हैं। अब नगर निगम के एसडीओ ने धर्मकांटा को तोड़फोड़ की कार्रवाई के आदेश दिए हैं। सेक्टर-24 मुजेसर थाने के पास नगर निगम की करीब एक किलोमीटर की ग्रीन बेल्ट है।
थाने के पास एक व्यक्ति द्वारा कंपनी की दीवार तोड़कर धर्मकांटा बनाया जा रहा है। उसका प्रवेश द्वार मुख्य सड़क की ओर रखा गया है, जिससे गाड़ियां धर्मकांटे तक पहुंच सकें। इसके लिए उसने प्रवेश द्वार की ग्रीन बेल्ट को उजाड़ दिया। सभी पेड़-पौधे उखाड़ दिए गए। इससे आसपास के लोगों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि थाने के पास सरेआम अवैध कब्जा हो रहा है। सब कुछ देखकर भी अधिकारी अनदेखा कर रहे हैं।
ऐसे में किसी तरह ग्रीन बेल्ट को सुरक्षित रखा जा सकता है। कंपनी का क्षेत्र हुडा विभाग के अंतर्गत आता है। इसलिए हुडा को पत्र लिखकर इस संबंध में अवगत करवाया गया है। ग्रीन बेल्ट नगर निगम के दायरे में आती है। इसलिए ग्रीन बेल्ट पर किसी भी तरह का कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। जल्द ही यहां तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी।