व्यापारियों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी 4-5 मार्केट के व्यापारियों ने बुधवार को थाना प्रभारी (एसएचओ) महावीर सिंह से मुलाकात कर बाजार की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को उनके सामने रखा। व्यापारियों का कहना है कि शाम के समय पुलिस की भारी नाकाबंदी और चेकिंग अभियान के कारण ग्राहक बाजार में आने से कतराने लगे हैं, जिससे उनका व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों ने एसएचओ को बताया कि रोजाना शाम 4 से 6 बजे के बीच पुलिस द्वारा मुख्य चौक पर नाकाबंदी कर दी जाती है। इस दौरान बाजार आने वाले ग्राहकों के दोपहिया वाहनों के कागजात और हेलमेट की सघन चेकिंग कर उनके चालान काटे जाते हैं। व्यापारियों के अनुसार, इस सख्ती के डर से ग्राहकों ने मार्केट से दूरी बनानी शुरू कर दी है। उन्होंने मांग की कि इस समय नाकाबंदी और चालान की कार्रवाई में थोड़ी ढील दी जाए।
व्यापारियों ने कहा कि शाम 6 से रात 10 बजे के व्यस्त समय में बाजार में पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहते। इस समय का फायदा उठाकर अराजक तत्व और शराबी सड़कों पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े कर हुड़दंग मचाते हैं। इससे न केवल महिलाओं को परेशानी होती है, बल्कि बाजार में जाम की स्थिति भी बन जाती है। व्यापारियों ने मांग की कि इस दौरान पुलिस पेट्रोलिंग (गश्त) अनिवार्य रूप से की जाए ताकि हुड़दंगियों पर अंकुश लग सके।
बीच का रास्ता निकालेंगे, ताकि व्यापारियों का नुकसान न हो : एसएचओ
व्यापारियों की चिंताओं को सुनने के बाद एसएचओ महावीर ने कहा कि बाजार की सुरक्षा के लिए पुलिस का चौकस रहना बेहद जरूरी है, क्योंकि ढिलाई बरतने पर आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। हालांकि, उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि वह इसका ऐसा बीच का रास्ता निकालेंगे जिससे व्यापारियों का नुकसान न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चालान जैसी चीजों पर ज्यादा सख्ती नहीं की जाएगी ताकि ग्राहक आसानी से बाजार आ सकें और व्यापार सामान्य रूप से चल सके। इस मुलाकात के दौरान एसएचओ महावीर के साथ साथी पुलिसकर्मी सुरेंद्र, मार्केट प्रधान सतनाम सिंह, सुरेंद्र आहूजा, नवजीवन गोसांई, अनिल बांगा, महेश बजाज (प्रधान शिव मंदिर), बंसी लाल कुकरेजा, नरेश चावला, सीपी अरोड़ा और देशराज सहित क्षेत्र के कई प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे।