फरीदाबाद। सेक्टर-39 स्थित दयालबाग क्षेत्र में कॉलोनी की समस्याओं एवं विकास कार्यों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन कॉलोनी के प्रधान डीएस राणा ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं और कॉलोनी की आवश्यकताओं को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा कॉलोनी में कम्युनिटी सेंटर के निर्माण का रहा। निवासियों ने एकमत होकर कहा कि सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए क्षेत्र में कम्युनिटी सेंटर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। लोगों का कहना था कि कम्युनिटी सेंटर बनने से कॉलोनीवासियों को बैठकों, सामाजिक आयोजनों तथा अन्य सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक उपयुक्त स्थान मिल सकेगा। इससे क्षेत्र में आपसी सहयोग और सामाजिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिलेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि कॉलोनी वासियों की ओर से एक निवेदन पत्र स्थानीय पार्षद गजेंद्र भड़ाना को सौंपा जाएगा, जिसमें कम्युनिटी सेंटर के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग की जाएगी। संवाद