पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-16 स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय के विद्यार्थियों और कॉलेज प्रशासन ने नई बिल्डिंग में कक्षाएं शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि नई बिल्डिंग की दो मंजिलों का कार्य जल्द से जल्द पूरा कर कक्षाएं शुरू करवाई जाएं। कॉलेज प्रबंधन का कहना है कि मौजूदा हालात में छात्रों को पुरानी इमारत में पढ़ाई करनी पड़ रही है, जो न केवल कंडम घोषित हो चुकी है बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी खतरनाक है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. रुचिरा खुल्लर ने बताया कि नई बिल्डिंग का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन छात्रों को अब भी पुरानी इमारत में ही पढ़ना पड़ रहा है। इस इमारत में न तो पंखे सही तरह से काम कर रहे हैं और न ही बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं। उमस और गर्मी में पंखे बंद रहने से विद्यार्थियों को पढ़ाई में भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।
प्राचार्या ने कहा कि लंबे समय से कॉलेज प्रशासन और छात्र समुदाय इंतजार कर रहे हैं कि नई बिल्डिंग का उपयोग शुरू हो सके। उनका कहना है कि यदि दो मंजिलों का कार्य पूरा कर दिया जाए तो वहां कक्षाएं शुरू हो सकती हैं, जिससे छात्रों को असुरक्षित और असुविधाजनक वातावरण से छुटकारा मिलेगा। कॉलेज प्रशासन ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द नई बिल्डिंग की दो मंजिलें तैयार कराकर उन्हें उपयोग में लाया जाए।