हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नेपाल में भड़की हिंसा के बीच कई भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं। हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। रेनू भाटिया ने अपने पत्र में कहा है कि आयोग को एक विचलित कर देने वाला यूट्यूब वीडियो प्राप्त हुआ है, जिसमें एक भारतीय महिला मदद की गुहार लगाती नजर आ रही है। वीडियो में महिला ने बताया कि वह हरियाणा और अन्य राज्यों की कई अन्य महिलाओं के साथ नेपाल में फंसी हुई है।
रेनू भाटिया ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे विदेश मंत्रालय और काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास से समन्वय स्थापित कर तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और अन्य कमजोर वर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही है।
पुलिस ने भी शुरू की कार्रवाई
वहीं इस मामले को लेकर फरीदाबाद पुलिस व खुफिया विभाग की टीम भी कार्रवाई कर रही हैं। सभी थानों से इस बारे में संपर्क कर चेक किया जा रहा है कि कहीं उनके थाने में तो किसी ने आकर शिकायत दी हो कि उनके परिवार से कोई नेपाल में फंसा हो। लेकिन बुधवार रात तक ऐसी कोई शिकायत फरीदाबाद पुलिस के पास नहीं पहुंची।