2 से 7 अक्टूबर तक किया जाएगा आयोजन, 500 स्टॉल स्थापित किए जाएंगे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। इस बार दिवाली मेला '' हम परिवारों को जोड़ते है '' थीम पर आयोजित किया जाएगा। यह मेला न केवल लोगों के लिए उत्सव और मनोरंजन का अवसर बनेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार, संस्कृति और कला को बढ़ावा देने का एक सशक्त मंच भी साबित होगा। इस बारे में जानकारी देते हुए पर्यटन विभाग के निदेशक डॉ. शालिन ने बताया कि दिवाली मेला 2 से 7 अक्टूबर तक छह दिन चलेगा। इसका आयोजन सूरजकुंड मेला स्थल पर किया जाएगा। डॉ. शालिन ने बताया कि मेले में लगभग 500 स्टॉल स्थापित किए जाएंगे। इन स्टॉलों पर आभूषण, परिधान, फैशन एक्सेसरीज, बुक्स, स्टेशनरी उपलब्ध होगी। इसके साथ बीमा सेवाएं, प्राकृतिक पौधे, गिफ्ट आइटम्स, घरेलू सजावटी सामग्री, खिलौने, ब्यूटी प्रोडक्ट्स और आर्ट एंड कल्चर से जुड़ी वस्तुएं भी मिलेंगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रकार के खाद्य उत्पाद भी आगंतुकों को आकर्षित करेंगे।
मेले में कलर कोडेड जोन से खरीदारी होगी आसान
डॉ. शालिन ने बताया कि प्रत्येक जोन को अलग-अलग रंगों के आधार पर कलर कोड किया जाएगा। इससे आगंतुकों को अपनी पसंद के स्टॉल तक पहुंचने में आसानी होगी। उदाहरण स्वरूप, पीले रंग का जोन खाद्य वस्तुओं के लिए, बैंगनी रंग का जोन परिधानों के लिए और अन्य रंग विभिन्न श्रेणियों के लिए निर्धारित किए जाएंगे।
म्यूजिकल, नृत्य और फैशन शो होंगे खास आकर्षण
सूरजकुंड में आयोजित होने वाले भव्य दिवाली मेले में आगंतुकों के मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया है। मेले में प्रतिदिन शाम 6 बजे से आकर्षक म्यूजिकल शो, नृत्य प्रस्तुतियां, गायन और फैशन शो आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को बड़े पैमाने पर प्रदर्शित कर सकें। साथ ही, दर्शकों को विविधता से भरपूर सांस्कृतिक अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा।
विद्यार्थियों को टिकट पर 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी
टिकटिंग प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी। ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था की गई है, जिसमें प्रत्येक टिकट पर क्यूआर कोड आधारित स्कैनिंग प्रणाली लागू होगी। इससे न केवल पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि आगंतुकों को भी प्रवेश में आसानी होगी। मेले में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष रियायत योजना रखी गई है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।
12 सितंबर से करें स्टाल बुकिंग
दिवाली मेले में स्टाल की बुकिंग 12 सितंबर से शुरू होगी। इच्छुक विक्रेता और उद्यमी स्टाल बुक करने के लिए पोर्टल पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्टाल “ पहले आओ, पहले पाओ ” के आधार पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह ऑनलाइन व्यवस्था पारदर्शी और सरल होगी, जिससे सभी प्रतिभागियों को अपने स्थान की आसानी से पुष्टि करने की सुविधा मिलेगी
सुरक्षा की विशेष व्यवस्था
प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। उपायुक्त ने बताया कि मेले में आने वाले आगंतुकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए पूरे मेले क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डिस्पेंसरी और एम्बुलेंस सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। मेले क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे।